35 C
Lucknow
Friday, April 24, 2026

बेटियों ने लहराया सफलता का परचम, उच्च अंक पाकर नगर का नाम किया रोशन

Must read

शमशाबाद। क्षेत्र में इस वर्ष हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। प्रयागराज बोर्ड द्वारा आयोजित वर्ष 2025-26 की परीक्षाओं में चंद्रकुमारी ज्वाला शंकर रायजादा बालिका इंटर कॉलेज, शमशाबाद की छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर न केवल विद्यालय बल्कि पूरे नगर का नाम रोशन किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हाईस्कूल वर्ग में छात्रा अंजलि ने 88 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं फिरदौस ने 85 प्रतिशत अंक पाकर द्वितीय स्थान प्राप्त किया और महक ने 82.22 प्रतिशत अंक के साथ तृतीय स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

इसी क्रम में इंटरमीडिएट वर्ग की छात्राओं ने भी शानदार प्रदर्शन किया। अलका ने 75 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम ऊंचा किया, जबकि अंशिका ने 74 प्रतिशत अंक हासिल कर अपनी मेहनत का परिणाम सबके सामने रखा।

विद्यालय के प्रबंधक सुभाष चंद्र सक्सेना और प्रधानाचार्य सोनाली (सोनाक्षी) ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए सभी छात्राओं को आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि बेटियों की इस सफलता पर पूरे विद्यालय परिवार को गर्व है और यह उपलब्धि अन्य छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।

इस अवसर पर मेधावी छात्राओं ने अपने भविष्य के लक्ष्यों को भी साझा किया। इंटर की छात्रा अलका ने बताया कि वह चिकित्सक बनकर समाज सेवा करना चाहती हैं, जबकि अंशिका ने प्रशासनिक अधिकारी बनकर देश और समाज के लिए कार्य करने की इच्छा व्यक्त की।

विद्यालय प्रबंधन ने सभी छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि हमारे विद्यालय में इतनी प्रतिभाशाली छात्राएं अध्ययनरत हैं। उच्च अंक प्राप्त कर नगर का नाम रोशन करने वाली सभी बेटियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी गईं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article