शमशाबाद। क्षेत्र में एक महिला के साथ नलकूप ऑपरेटर द्वारा कथित अभद्रता का मामला सामने आया है। सिंचाई के लिए पानी मांगने पहुंची महिला के साथ अशोभनीय टिप्पणी किए जाने का आरोप है। विरोध करने पर मामला इतना बढ़ गया कि गाली-गलौज और हाथापाई की नौबत आ गई। घटना के बाद आरोपी ऑपरेटर मौके से फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर के एक मोहल्ला निवासी महिला की मक्के की फसल नलकूप संख्या 44 (रामलीला मैदान के निकट) के पास स्थित है, जो पिछले कई दिनों से सिंचाई के अभाव में सूखने की कगार पर थी। शुक्रवार को महिला अपने पुत्र के साथ नलकूप पर पहुंची और ऑपरेटर सरवन कुमार से पानी देने का अनुरोध किया।
पीड़िता के अनुसार, ऑपरेटर ने पानी देने के बजाय अश्लील इशारे करते हुए अभद्र टिप्पणी की। महिला द्वारा इसका विरोध किए जाने पर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज में बदल गई।
महिला ने घटना की जानकारी अपने पति को दी, जिसके बाद आक्रोशित पति बाइक से मौके पर पहुंच गया। पति को आता देख आरोपी ऑपरेटर घबरा गया और नलकूप छोड़कर मौके से फरार हो गया।
पीड़ित महिला ने आरोपी ऑपरेटर के खिलाफ शमशाबाद थाना पुलिस को लिखित तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं और जल्द ही आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही है।


