– भ्रामक खबर फैलाने वालों पर मुकदमा
केदारनाथ। चारधाम यात्रा के दौरान बढ़ती भीड़ और अव्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए केदारनाथ धाम में प्रशासन ने इस बार सख्त और सुनियोजित व्यवस्था लागू कर दी है। अब श्रद्धालुओं को टोकन सिस्टम के तहत समयानुसार दर्शन कराए जाएंगे और गर्भगृह में प्रवेश केवल निर्धारित स्लॉट के अनुसार ही संभव होगा।
प्रशासन के मुताबिक, भीड़ प्रबंधन को प्रभावी बनाने के लिए अलग-अलग प्रवेश और निकास द्वार बनाए गए हैं, जिससे धक्का-मुक्की और अव्यवस्था की स्थिति पर नियंत्रण रखा जा सके। यह व्यवस्था खासतौर पर पीक सीजन में लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए लागू की गई है।
सुरक्षा के लिहाज से भी कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस और प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि भ्रामक खबर फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से गलत सूचना फैलाने पर सीधे मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
यात्रा को सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए स्वास्थ्य, आपदा प्रबंधन और सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क, मेडिकल टीम और कंट्रोल रूम भी सक्रिय किए गए हैं।
केदारनाथ धाम में टोकन सिस्टम से होंगे दर्शन, तय समय स्लॉट में ही गर्भगृह प्रवेश


