41 C
Lucknow
Friday, April 24, 2026

प्राथमिक विद्यालय की बाउंड्रीवॉल 6 माह से गायब

Must read

– ठेकेदार पर मनमानी के आरोप
– बच्चों की सुरक्षा पर बड़ा खतरा
फर्रुखाबाद। नगर पंचायत नवाबगंज के मुहल्ला नगला नया स्थित प्राथमिक विद्यालय में निर्माण कार्य के नाम पर बड़ी लापरवाही उजागर हुई है। अतिरिक्त कक्ष निर्माण के दौरान करीब छह माह पहले तोड़ी गई बाउंड्रीवॉल आज तक नहीं बनाई गई, जिससे विद्यालय की सुरक्षा पूरी तरह भगवान भरोसे है और बच्चे खुले खतरे के बीच पढ़ाई करने को मजबूर हैं।
जानकारी के अनुसार 3 नवंबर 2025 को अतिरिक्त कक्ष निर्माण शुरू हुआ था। शुरुआती चरण में ठेकेदार ने करीब 50 मीटर दीवार तोड़ी, लेकिन नींव खोदने के दौरान जेसीबी मशीन से लगभग 70 मीटर तक की दीवार और गिरा दी गई। हैरानी की बात यह है कि निर्माण कार्य सीमित क्षेत्र में होना था, लेकिन अनियोजित तरीके से पूरी बाउंड्रीवॉल ही ध्वस्त कर दी गई।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक संतोष कुमार का कहना है कि ठेकेदार ने दीवार दोबारा बनवाने का आश्वासन दिया था, लेकिन छह महीने बीतने के बाद भी न तो निर्माण हुआ और न ही किसी अधिकारी ने सुध ली। आरोप है कि ठेकेदार टूटी दीवार की ईंटें भी अपने काम में उठा ले गया और बाकी मलबे में दबा दीं। जब इस पर सवाल उठाया गया तो ठेकेदार ने अभद्र व्यवहार करते हुए साफ मना कर दिया।
बाउंड्रीवॉल न होने के कारण विद्यालय परिसर में जानवरों का प्रवेश आम हो गया है। बकरियां और अन्य पशु फुलवारी और पौधों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। वहीं अराजक तत्वों ने स्कूल के हैंडवॉश में लगे नल तक तोड़ दिए हैं, जिससे बच्चों की स्वच्छता व्यवस्था भी प्रभावित हुई है।
प्रधानाध्यापक ने नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी प्रमोद कुमार बैश को लिखित शिकायत दी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। संपर्क करने की कोशिश के बावजूद अधिकारी का पक्ष सामने नहीं आ सका।
स्थानीय ग्रामीणों अनूप कुमार, जगमोहन, रामपाल शाक्य और रामभजन ने प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब स्कूल जैसे संवेदनशील स्थान की सुरक्षा ही सुनिश्चित नहीं हो पा रही, तो बच्चों का भविष्य कैसे सुरक्षित रहेगा।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article