कन्नौज। विगत 24 सितंबर को शहर के कुतुलूपुर मोहल्ले में घर में टायल लगाने वाले दो मजदूरो द्वारा लूटपाट कर गृह स्वामी सुनीता श्रीवास्तव की हत्या कर दी थी। इस घटना में गिरफ्तार अभियुक्त सूरज ने आज न्यायालय एडीजे द्वितीय में पेशी के दौरान करीब 3 बजे पुलिस को चकमा देकर भागने का प्रयास किया। हालांकि पुलिस ने पीछा कर मशक्कत के बाद अभियुक्त सूरज को पकड़ लिया।
इस पूरी घटना ने फिर एक बार कन्नौज पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। न्यायालय परिसर में इस बात को लेकर चर्चा बनी रही। प्रत्यक्ष दर्शियों के अनुसार अभियुक्त सूरज जैसे ही न्यायालय एडीजे द्वितीय में पेशी से लौट रहा था तभी उसने सुरक्षा कर्मियों को धक्का देकर भाग निकला। घटना से सुरक्षा में तैनात सिपाहियों के हाथ पैर फूल गए।
आनन फानन में पुलिस कर्मियों ने भाग कर अभियुक्त का पीछा किया। कड़ी मशक्कत के बाद आखिर पुलिस ने अभियुक्त सूरज को पकड़ लिया। इससे पहले भी जिला जेल अनौगी से भी दो बार कैदियों के भागने की घटनाएं हो चुकी है जिनसे कन्नौज पुलिस की कार्यप्रणाली और सुरक्षा प्रबंधों पर सवाल खड़े किए। अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने बताया कि पेशी पर आए अभियुक्त सूरज ने भागने का प्रयास किया जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्त के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।


