नवाबगंज।
थाना नवाबगंज क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार को एक युवती के साथ छेड़छाड़, मारपीट और ब्लैकमेल की धमकी का गंभीर मामला सामने आया है। घटना से क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है, वहीं पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव की रहने वाली एक युवती मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे फर्रुखाबाद स्थित एक डिग्री कॉलेज से परीक्षा देकर अपने घर वापस लौट रही थी। जैसे ही वह अपने घर के समीप पहुंची, तभी गांव के ही एक युवक ने उसका रास्ता रोक लिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी युवक ने युवती पर फोन पर बात करने का दबाव बनाया। जब युवती ने बात करने से इनकार किया, तो आरोपी उग्र हो गया और गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने युवती के साथ मारपीट की और उसके गाल पर काट लिया।
इतना ही नहीं, आरोपी ने युवती के साथ छेड़छाड़ करते हुए उसे गलत नीयत से खींचकर एक मकान में ले जाने का प्रयास भी किया। युवती के शोर मचाने पर आसपास के लोग सतर्क हुए। इसी दौरान युवती के पिता भी मौके पर पहुंच गए और आरोपी को पकड़ने की कोशिश की।
लेकिन आरोपी युवक ने मौके से भागते समय युवती की फोटो को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से अश्लील बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने और ब्लैकमेल करने की धमकी दी। इसके बाद वह फरार हो गया।
घटना के बाद पीड़ित युवती अपने पिता के साथ थाना नवाबगंज पहुंची और आरोपी के खिलाफ लिखित तहरीर दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश की जा रही है।
थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
परीक्षा देकर लौट रही युवती से छेड़छाड़, मारपीट व ब्लैकमेल की धमकी—आरोपी फरार


