29 C
Lucknow
Tuesday, April 21, 2026

संयुक्त अभियान में एआरटीओ व यातायात पुलिस की बड़ी कार्रवाई, डंपर सीज, मॉडिफाइड वाहनों पर कसा शिकंजा

Must read

फर्रुखाबाद। जनपद में यातायात नियमों के उल्लंघन पर लगाम लगाने के उद्देश्य से एआरटीओ सुभाष राजपूत एवं प्रभारी यातायात सतेंद्र कुमार के नेतृत्व में संयुक्त अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
अभियान के दौरान अधिकारियों ने एक डंपर को आवश्यक दस्तावेजों की कमी और नियमों के उल्लंघन के चलते सीज कर दिया। इसके साथ ही मॉडिफाइड वाहनों के खिलाफ भी विशेष रूप से कार्रवाई करते हुए कई वाहनों को जब्त किया गया। बिना अनुमति किए गए वाहन संशोधन को गंभीर उल्लंघन मानते हुए अधिकारियों ने संबंधित चालकों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही सुनिश्चित की।
जांच के दौरान छोटे व बड़े वाहनों की गहन चेकिंग की गई, जिसमें कई वाहन चालकों के पास आवश्यक दस्तावेज नहीं पाए गए। ऐसे चालकों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट रूप से कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अभियान के चलते वाहन चालकों में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। कई वाहन चालक कार्रवाई से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेते नजर आए।
एआरटीओ सुभाष राजपूत ने बताया कि सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। वहीं प्रभारी यातायात सतेंद्र कुमार ने वाहन चालकों से अपील की कि वे नियमों का पालन करें और अपने वाहन के सभी दस्तावेज पूर्ण रखें, जिससे अनावश्यक कार्रवाई से बचा जा सके।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article