अमृतपुर/ फर्रुखाबाद
थाना राजेपुर क्षेत्र के ग्राम रामपुर जोगराजपुर में पुरानी रंजिश के चलते रविवार रात विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने लाठी-डंडों के साथ फायरिंग कर दी। घटना में पीड़ित बाल-बाल बच गया, जबकि मारपीट में उसके परिजन घायल हो गए।
पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, जानबूझकर चोट पहुंचाने, मारपीट, आपराधिक कृत्य में सहभागिता तथा अवैध रूप से हथियार के उपयोग जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
तहरीर के अनुसार, पीड़ित अपने घर पर मौजूद था। इसी दौरान गांव के ही धर्मपाल, प्रेमचंद, रामचंद्र (पुत्रगण इन्द्रजीत) व विश्राम (पुत्र श्रीराम) एक राय होकर लाठी-डंडों से लैस होकर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने हमला बोल दिया।
आरोप है कि धर्मपाल के हाथ में लाइसेंसी रायफल थी, जिससे उसने जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। गोली पीड़ित के कान के पास से गुजर गई, जिससे वह बाल-बाल बच गया। इसके बाद आरोपियों ने पीड़ित और उसके परिजनों के साथ जमकर मारपीट की।
इस घटना में पीड़ित की पुत्री शिवानी, पुत्र शिवम तथा भाई सुशील सिंह को गंभीर चोटें आई हैं। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तब कहीं जाकर आरोपी फरार हो गए।
पुलिस का कहना है कि मामले में जांच जारी है और आरोपियों की तलाश कर जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।


