लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आगामी चुनावों को लेकर बड़ा ऐलान करते हुए कहा है कि प्रदेश में समाजवादी सरकार बनने पर हर उपभोक्ता को 300 यूनिट बिजली मुफ्त दी जाएगी। इसके साथ ही महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए सालाना 40 हजार रुपये पेंशन देने की योजना लागू की जाएगी। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वर्तमान शासन में स्मार्ट मीटर के नाम पर जनता को परेशान किया जा रहा है और बिजली बिलों में अनियमितताएं बढ़ी हैं।
प्रदेश सपा मुख्यालय, लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि स्मार्ट मीटर व्यवस्था जनता के लिए राहत नहीं बल्कि परेशानी का कारण बन गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब समझ चुकी है कि बढ़े हुए बिजली बिलों के पीछे भ्रष्टाचार और अव्यवस्था जिम्मेदार है, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है।
सपा अध्यक्ष ने 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर भी कार्यकर्ताओं को तैयार रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के परिणाम को दोहराते हुए अधिक से अधिक सीटें जीतनी हैं और प्रदेश में बदलाव लाना है। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह समाजवादी विचारधारा को बदनाम करने के लिए निराधार आरोप लगाती है और मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए नए-नए कथानक गढ़ती है, लेकिन जनता अब इन बातों में आने वाली नहीं है।
भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि वर्तमान सरकार नकली विरोध की घटनाओं को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बेरोजगारी और आर्थिक तंगी के कारण मजबूर युवा ऐसे कार्यों में शामिल हो रहे हैं, जिनका राजनीतिक लाभ उठाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहले लोगों को आर्थिक रूप से कमजोर किया जाता है और फिर उनकी मजबूरी का फायदा उठाया जाता है।
कार्यक्रम के दौरान सपा अध्यक्ष से बिहार के मुजफ्फरपुर से मुंबई स्थित हाजी अली दरगाह तक स्केटिंग करते हुए यात्रा पर निकले युवाओं—मो. तौहीद रजा, मो. साजिद, मो. अमीरुल और मो. अली—ने भी मुलाकात की। अखिलेश यादव ने युवाओं के इस साहसिक प्रयास की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र चौधरी सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


