हरदोई
मल्लावां कोतवाली क्षेत्र में 13 अप्रैल की शाम 26 वर्षीय विवाहिता शिल्पी की हत्या के मामले में पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी के पिता प्रमोद को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले इस मामले में बेटे ऋषभ को 15 अप्रैल को ही पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था।
यह मामला उस समय सामने आया था जब शिल्पी के पिता राम रहीस ने मल्लावां कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी बेटी की हत्या उसके ही परिचित ऋषभ ने की है। शिकायत के अनुसार, 13 अप्रैल की शाम शिल्पी घर के पास कूड़ा डालने गई थी, तभी ऋषभ ने उस पर फावड़े से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पिता राम रहीस ने यह भी बताया कि आरोपी ऋषभ के खिलाफ पहले भी गंभीर आरोपों में मामले दर्ज हैं। वर्ष 2017 और 2025 में शिल्पी से छेड़छाड़ के आरोप में उसके खिलाफ केस दर्ज कराया गया था। इसी कारण ससुराल पक्ष से विवाद होने पर शिल्पी अपने मायके में रह रही थी।
पुलिस जांच में आरोपी ऋषभ ने स्वीकार किया कि उसका शिल्पी से पहले प्रेम संबंध था, लेकिन उसे शक था कि वह किसी और से बातचीत करती है, जिससे गुस्से में आकर उसने यह हत्या की।
अब पुलिस ने इस मामले में आगे कार्रवाई करते हुए ऋषभ के पिता प्रमोद को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और दोनों आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


