हरदोई
बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के मौजमपुर गांव में ऑनलाइन ठगी का एक मामला सामने आया है, जिसमें एक युवक के बैंक खाते से 1.78 लाख रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मौजमपुर निवासी शादाब खान ने बताया कि उनका खाता सिनेमा चौराहा स्थित बैंक ऑफ इंडिया शाखा में है। उनके खाते में कुल 1,82,500 रुपये जमा थे। 17 अप्रैल की दोपहर करीब ढाई बजे उन्हें एक अज्ञात कॉल आया, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को बैंक कर्मचारी बताया और केवाईसी अपडेट कराने के नाम पर बैंक से जुड़ी जानकारी मांग ली।
शादाब ने भरोसे में आकर अपनी बैंक संबंधी जानकारी साझा कर दी। इसके कुछ ही मिनटों बाद उनके मोबाइल पर खाते से 1 लाख रुपये कटने का पहला मैसेज आया, जिससे वह घबरा गए। इसके बाद लगातार अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए पैसे निकाले जाते रहे।
कुछ ही समय में 5004 रुपये, 25000 रुपये, 4964 रुपये, 4965 रुपये, 24500 रुपये, 3014 रुपये, 1000 रुपये और 9850 रुपये सहित कुल नौ ट्रांजेक्शन में 1,78,297 रुपये खाते से निकाल लिए गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने बेहटा गोकुल थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपी के खिलाफ ऑनलाइन धोखाधड़ी और साइबर फ्रॉड की धाराओं में जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि साइबर सेल की मदद से ट्रांजेक्शन की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।


