मैनपुरी। जनपद में लगातार बढ़ती गर्मी अब लोगों की सेहत पर भारी पड़ने लगी है। विशेष रूप से उच्च रक्तचाप के मरीजों के लिए यह मौसम खतरनाक साबित हो रहा है। तापमान में वृद्धि के चलते अचानक ब्लड प्रेशर बढ़ने के मामले तेजी से सामने आ रहे हैं, जिससे हृदयाघात की घटनाएं भी बढ़ गई हैं। शनिवार को इसका गंभीर असर उस समय देखने को मिला जब जिला अस्पताल में उपचार के दौरान तीन मरीजों की मौत हो गई, जबकि 17 अन्य मरीजों को गंभीर हालत में भर्ती कराया गया।
शहर स्थित महाराजा तेज सिंह जिला अस्पताल में सुबह से ही मरीजों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। ओपीडी में कुल 1047 मरीजों को प्राथमिक उपचार दिया गया, जिनमें बड़ी संख्या ब्लड प्रेशर से संबंधित समस्याओं से जूझ रहे लोगों की थी। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, 33 मरीजों को भर्ती किया गया, जिनमें से 21 मरीज उच्च रक्तचाप की गंभीर समस्या से पीड़ित पाए गए।
मृतकों में कोतवाली क्षेत्र के गांव पुड़री निवासी 85 वर्षीय वीरेंद्र शर्मा शामिल हैं, जिन्हें अत्यधिक ब्लड प्रेशर बढ़ने के कारण हृदयाघात पड़ा। उन्हें रात करीब 1:35 बजे जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं, शहर के कृष्णा नगर करहल चौराहा निवासी 75 वर्षीय ओमप्रकाश को सुबह करीब 8:30 बजे दिल का दौरा पड़ा। परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। इसी तरह एलाऊ थाना क्षेत्र के गांव मंगलपुर निवासी 75 वर्षीय उर्मिला देवी को भी हृदयाघात हुआ और अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि दो मरीजों की मौत इलाज के दौरान हुई, जबकि एक मरीज को मृत अवस्था में ही अस्पताल लाया गया था। उन्होंने कहा कि सभी मरीजों को गंभीर हालत में लाया गया था और चिकित्सकों ने हर संभव प्रयास किए, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
डॉक्टरों के अनुसार, गर्मी के मौसम में शरीर में पानी की कमी और अनियमित खानपान के कारण ब्लड प्रेशर असंतुलित हो जाता है, जिससे हार्ट अटैक का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने लोगों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि हल्का व संतुलित भोजन करें, पर्याप्त मात्रा में पानी, नारियल पानी या नींबू पानी का सेवन करें और बिना डॉक्टर की सलाह के दवाएं न छोड़ें। साथ ही तेज धूप से बचाव के लिए बाहर निकलते समय सिर ढककर रखें और शरीर को हाइड्रेट रखें।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने यह भी चेतावनी दी है कि ब्लड प्रेशर के मरीज अपनी नियमित जांच कराते रहें और किसी भी तरह के लक्षण जैसे चक्कर आना, अत्यधिक पसीना या थकान महसूस होने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लें। लगातार बढ़ती गर्मी के बीच यह स्थिति स्वास्थ्य विभाग के लिए भी चिंता का विषय बन गई है।


