शाहजहांपुर/जलालाबाद। अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर जलालाबाद क्षेत्र स्थित उबरियाधाम में भगवान श्री परशुरामजी स्थल पर धार्मिक आयोजन हुआ। जिला पंचायत सदस्य नीरज मिश्र ने बंधु-बांधवों के साथ हवन-पूजन कर क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। यह कार्यक्रम वीरेन पाठक के मार्गदर्शन एवं देखरेख में संपन्न हुआ। हवन-पूजन के उपरांत भगवान परशुरामजी की दिव्य प्रतिमा को सुरक्षा एवं भव्यता प्रदान करने के उद्देश्य से भव्य मंदिर निर्माण का संकल्प लिया गया। इस दौरान आचार्य जी के मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से शिला पूजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व बार अध्यक्ष संजीव अग्निहोत्री, मुन्नूलाल मिश्र, प्रभाकर पाठक, भोला मिश्रा, सर्वेश तिवारी ‘दद्दा’, कुशल पांडे, अनुज शुक्ला, अमन पांडे, रामवीर यादव, प्रदीप मिश्र, भास्कर पाठक, राहुल भगवा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। इस अवसर पर नीरज मिश्र ने कहा कि भगवान परशुराम केवल ब्राह्मण समाज ही नहीं, बल्कि सभी सनातनियों के आराध्य देव हैं। उनका जीवन हमें असत्य और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष की प्रेरणा देता है। वहीं वीरेन पाठक ने कहा कि हाईवे किनारे स्थित रमणीक उबरिया धाम को भव्य एवं दिव्य चेतना स्थल के रूप में विकसित करने का संकल्प सभी के सहयोग से पूरा किया जाएगा।


