मैनपुरी। जनपद के भोगांव क्षेत्र में पारिवारिक बंटवारे को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक रूप ले बैठा, जिसमें गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में जबरदस्त आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी और तनाव की स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार, फर्रुखाबाद जिले के थाना मेरापुर क्षेत्र के गांव शियोगनपुर खिरिया निवासी 40 वर्षीय कौशलेंद्र सिंह पुत्र वीरेंद्र सिंह को 11 अप्रैल को घर के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में परिजनों द्वारा बेरहमी से पीटा गया था। आरोप है कि हरनाम पुत्र उमेश चंद्र, उमेश चंद्र पुत्र रघुवीर सिंह, हरनाम की पत्नी आरती, सोनी और साधना ने मिलकर ईंट-पत्थरों से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
घायल अवस्था में कौशलेंद्र सिंह को तत्काल उपचार के लिए कानपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां कई दिनों तक जीवन और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद 16 अप्रैल को दोपहर करीब 12 बजे उनकी मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक के साथ आक्रोश का माहौल बन गया।
घटना के विरोध में परिजनों और ग्रामीणों ने भोगांव क्षेत्र के संकिसा पुल पर शव रखकर जाम लगा दिया। जाम के दौरान संजय यादव, वीरेंद्र सिंह, विवेक, अतुल, गुड्डू और राजेश सहित कई लोग मौके पर मौजूद रहे और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। परिजनों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए “मौत के बदले मौत” जैसे कड़े शब्दों में अपना आक्रोश व्यक्त किया।
सूचना मिलते ही भोगांव क्षेत्राधिकारी, कायमगंज के क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार द्विवेदी तथा भोगांव थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार पांडे भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन काफी देर तक जाम खुलवाने में मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने परिजनों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है और मामले में नामजद आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
फिलहाल क्षेत्र में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है, हालांकि पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रण में रखने का प्रयास किया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।


