39 C
Lucknow
Thursday, April 16, 2026

सीएम योगी का बड़ा बयान: “अब थानों पर हमला करने वालों का काम तमाम कर दिया जाएगा”

Must read

गोरखपुर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था और पुलिस व्यवस्था को लेकर सख्त संदेश दिया। उन्होंने कहा कि अब उत्तर प्रदेश में कोई भी व्यक्ति या समूह थानों पर हमला करने की हिम्मत नहीं कर सकता। सीएम ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी ने सुरक्षा व्यवस्था में सेंध लगाने की कोशिश की तो “उसका काम तमाम कर दिया जाएगा।”

सीएम योगी ने 2017 के बाद पुलिस व्यवस्था में हुए बदलावों का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय प्रदेश में पुलिस बल के आधे से ज्यादा पद खाली थे, लेकिन पिछले 9 वर्षों में सरकार ने 2 लाख 19 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की भर्ती की है। उन्होंने दावा किया कि इससे राज्य की कानून-व्यवस्था और मजबूत हुई है और पुलिस व्यवस्था पहले से कहीं अधिक सुदृढ़ हुई है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने गोरखनाथ मंदिर क्षेत्र की सुरक्षा के लिए बने नए सुरक्षा भवनों का उद्घाटन भी किया। करीब 9 करोड़ 18 लाख रुपये की लागत से बने ये भवन स्टिल्ट प्लस चार मंजिल संरचना वाले हैं, जिनमें पुलिस अधिकारियों के कार्यालय, कंट्रोल रूम, स्टोर रूम और मेंटेनेंस वर्कशॉप जैसी सुविधाएं शामिल हैं।

सीएम योगी ने कहा कि इन भवनों में एक साथ 100 पुलिसकर्मी और अधिकारी रह सकते हैं और सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने बताया कि सरकार का उद्देश्य पुलिस बल को केवल भर्ती करना ही नहीं, बल्कि उन्हें बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं देना भी है, ताकि वे अधिक प्रभावी ढंग से काम कर सकें।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और प्रशिक्षण से पुलिस की कार्यक्षमता में बड़ा सुधार आया है। पहले जहां प्रशिक्षण क्षमता सीमित थी, वहीं अब एक साथ 60 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों का प्रशिक्षण संभव हो पाया है। उन्होंने कहा कि यही बदलाव यूपी में बेहतर सुरक्षा व्यवस्था और सुशासन की पहचान बन रहा है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article