मैनपुरी
जनपद के भोगांव कस्बे में बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया, जब एक अनियंत्रित स्कूल बस अचानक सड़क किनारे खड़े और गोलगप्पे खा रहे लोगों पर चढ़ गई। तेज रफ्तार और नियंत्रण खो चुकी बस नगर के रामलीला रोड चौराहे पर टिन शेड को तोड़ते हुए सीधे लोगों की भीड़ में जा घुसी और फिर पास ही बने नाले में गिर गई। इस भयावह हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि करीब एक दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना बुधवार शाम करीब 6 बजे की है, जब कुरावली की ओर से आ रही एक स्कूल बस पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) कार्यालय के पास पहुंचते ही अचानक अनियंत्रित हो गई। बस चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस तेज रफ्तार में नगर पंचायत द्वारा लगाए गए टिन शेड को तोड़ते हुए सड़क किनारे लगे ठेलों की ओर बढ़ गई, जहां कई लोग गोलगप्पे खा रहे थे। देखते ही देखते बस ने वहां मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
हादसे में गिहार कॉलोनी निवासी 40 वर्षीय गौरव गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। इसके अलावा अवंतीबाई नगर निवासी पिंटू (गोलगप्पा विक्रेता), आलीपुर खेड़ा निवासी सोनू, मोहम्मद सईद निवासी सुमित व संजू, मिश्राना निवासी अंबरीश दुबे, एटा जिले के सकीट थाना क्षेत्र के भगवतपुर निवासी बृजेश सहित कई अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को स्थानीय अस्पताल और जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना भोगांव प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। नाले में गिरी बस को निकालने के लिए जेसीबी मशीन की मदद ली गई। साथ ही क्षतिग्रस्त टिन शेड को हटाकर यातायात को सुचारू कराया गया। हादसे के चलते करीब एक घंटे तक क्षेत्र में अफरा-तफरी और जाम की स्थिति बनी रही।
गनीमत यह रही कि जिस समय हादसा हुआ, उस वक्त बस में कोई स्कूली बच्चे सवार नहीं थे, अन्यथा यह हादसा और भी भयावह रूप ले सकता था। फिलहाल पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की गहन जांच की जा रही है।
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोग प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और लापरवाह वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।


