36 C
Lucknow
Monday, April 13, 2026

गर्मी में बिजली आपूर्ति सुचारु रखने को सख्त निर्देश: लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई

Must read

लखनऊ

राजधानी से प्रदेशभर में बढ़ती गर्मी और बिजली की मांग को देखते हुए सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPPCL) के अध्यक्ष डॉ. आशीष गोयल ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि गर्मी के दौरान बिजली आपूर्ति किसी भी हाल में बाधित नहीं होनी चाहिए और उपभोक्ताओं को निर्धारित शिड्यूल के अनुसार निर्बाध बिजली मिलनी चाहिए।
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि बढ़ती गर्मी के साथ बिजली की मांग में लगातार इजाफा होगा, ऐसे में विभाग को पहले से पूरी तैयारी रखनी होगी। ट्रांसफार्मर की खराबी रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए पर्याप्त बजट भी उपलब्ध कराया गया है, ताकि समय रहते मरम्मत और अनुरक्षण कार्य पूरे किए जा सकें।
डॉ. गोयल ने कहा कि सभी ट्रांसफार्मरों पर टेललेस फ्यूज यूनिट लगाना अनिवार्य किया गया है, जिससे ओवरलोड की स्थिति में बड़े नुकसान से बचा जा सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इसके बावजूद ट्रांसफार्मर फुंकने की घटनाएं सामने आती हैं, तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने अधूरे पड़े कार्यों को लेकर भी नाराजगी जताई और निर्देश दिए कि जहां भी कार्य निर्धारित समय से पीछे हैं, वहां संबंधित फर्मों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही अवर अभियंताओं और अन्य जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए कार्य में लापरवाही बरतने वालों को चिन्हित करने के निर्देश दिए गए हैं।
अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया है कि पर्याप्त संख्या में कर्मचारी उपलब्ध हैं, इसलिए किसी भी क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित नहीं होनी चाहिए। आने वाले दिनों में तापमान और अधिक बढ़ने की संभावना को देखते हुए विभाग को पूरी तरह अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए गए हैं।
सरकार की इस सख्ती का उद्देश्य साफ है कि आम जनता को गर्मी के मौसम में बिजली संकट का सामना न करना पड़े और प्रदेश में निर्बाध एवं सुचारु बिजली आपूर्ति बनी रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article