*जलभराव, भूमि विवाद और राशन वितरण की शिकायतें रहीं प्रमुख*
*अमृतपुर, फर्रुखाबाद*
तहसील सभागार अमृतपुर में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं को लेकर बड़ी संख्या में फरियादी पहुंचे। समाधान दिवस में कुल 91 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से केवल 6 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया जा सका, जबकि शेष मामलों को जांच एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को सौंप दिया गया।
प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग की सर्वाधिक 37, पुलिस विभाग की 18, विकास विभाग की 14, खाद्य एवं रसद विभाग की 11, विद्युत विभाग की 4 तथा अन्य विभागों की 7 शिकायतें शामिल रहीं। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
समाधान दिवस के दौरान भाजपा सदस्य सुभाष चंद्र मिश्रा ने पांचालघाट-घटियाघाट क्षेत्र में जलभराव और गंगा नदी की बदलती धाराओं से उत्पन्न संकट का मुद्दा उठाया। उन्होंने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन में बताया कि जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण अमृतपुर और कायमगंज तहसील के सैकड़ों गांव बरसात के मौसम में लंबे समय तक जलमग्न रहते हैं। साथ ही गंगा की नई धारा निकलने से कई गांवों पर कटान और बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। उन्होंने सिंचाई विभाग को निर्देशित कर बंद कुओं को खुलवाने तथा तटबंध निर्माण कराने की मांग की।
वहीं असलानपुर निवासी रूबी पत्नी सोनू ने शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि उनके पति को शराब पिलाकर धोखे से जमीन का बैनामा करा लिया गया और तय धनराशि का अधिकांश भुगतान भी नहीं किया गया। पीड़िता ने बैनामा निरस्त कराने अथवा बकाया 10.30 लाख रुपये दिलाए जाने की मांग की। इसके अतिरिक्त भूवनपुर ताजपुर के ग्रामीणों ने कोटेदार पर राशन वितरण में घटतौली, वजन पर्ची न देने और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए जांच कर कार्रवाई की मांग की। उपजिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। समाधान दिवस में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


