लखनऊ
प्रदेश सरकार ने देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 84 पीसीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। शासन की ओर से जारी इस सूची ने नौकरशाही और राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज कर दी है। नियुक्ति विभाग के सचिव एम. देवराज द्वारा जारी आदेश के अनुसार कई अहम जिलों और विभागों में नए अधिकारियों की तैनाती की गई है। सरकार का कहना है कि प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने, कामकाज में तेजी लाने और जनहित से जुड़े कार्यों को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से यह बड़ा बदलाव किया गया है।
जारी सूची के मुताबिक अलोक कुमार वर्मा को मुख्य राजस्व अधिकारी सुल्तानपुर बनाया गया है, जबकि प्रियंका सिंह को नागरिक सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान लखनऊ का कमांडेंट नियुक्त किया गया है। अतुल कुमार प्रथम को संयुक्त निदेशक प्रशासन नागरिक उद्यान निदेशालय और संयुक्त सचिव लखनऊ विकास प्राधिकरण की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा श्रद्धा को उत्तर प्रदेश विशेषज्ञ चिकित्सक एवं चिकित्सा शिक्षक भर्ती बोर्ड लखनऊ का परीक्षा नियंत्रक बनाया गया है। प्रदीप वर्मा को अपर जिलाधिकारी प्रशासन लखनऊ तथा सौरभ दुबे को मुख्य राजस्व अधिकारी बहराइच की जिम्मेदारी दी गई है।
सरकार ने खेल, पर्यटन, स्वास्थ्य और राजस्व विभागों में भी बड़े स्तर पर बदलाव किए हैं। शुभी को उप आवास आयुक्त आवास विकास परिषद लखनऊ, जबकि दीपेंद्र को स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ का प्रधानाचार्य और उत्तर प्रदेश स्पोर्ट्स कॉलेज समिति का सचिव नियुक्त किया गया है। डॉ . संतोष कुमार उपाध्याय को खेल निदेशालय में उपनिदेशक प्रशासन बनाया गया है।
इसी क्रम में सहदेव कुमार मिश्रा को अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व रायबरेली, महेश कुमार कैंथल को पर्यटन निदेशालय में उपनिदेशक तथा यादव भूमिका राजबहादुर को उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल संघ में प्रबंध प्रधान प्रबंधक की जिम्मेदारी दी गई है।


