फर्रुखाबाद। तहसील सदर क्षेत्र के लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए शनिवार को ऑफिसर्स क्लब, फतेहगढ़ में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कानपुर परिक्षेत्र के उप पुलिस महानिरीक्षक ने की, जबकि जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर एवं पुलिस अधीक्षक समेत जिले के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 84 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें सर्वाधिक 40 शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित रहीं। इसके अलावा पुलिस विभाग की 18, विद्युत विभाग की 5, विकास विभाग की 4, चकबंदी विभाग की 1, चिकित्सा विभाग की 3, लोक निर्माण विभाग की 1 तथा अन्य विभागों की 12 शिकायतें प्राप्त हुईं।
हालांकि 84 शिकायतों में से केवल 3 मामलों का ही मौके पर निस्तारण हो सका, जबकि शेष 81 शिकायतों को संबंधित विभागों के पास कार्रवाई के लिए भेज दिया गया। अधिकारियों ने सभी लंबित मामलों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता नहीं होना चाहिए, बल्कि प्रत्येक मामले का निष्पक्ष, पारदर्शी और स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यकतानुसार स्थलीय निरीक्षण एवं संयुक्त जांच करने के भी निर्देश दिए।
उप पुलिस महानिरीक्षक ने पुलिस विभाग से जुड़ी शिकायतों की समीक्षा करते हुए कहा कि फरियादियों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। प्रत्येक शिकायत पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करते हुए कानून व्यवस्था और जनविश्वास को मजबूत किया जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान है। शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी और इसकी नियमित समीक्षा भी की जाएगी।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, उपजिलाधिकारी, तहसील प्रशासन, पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।


