42.1 C
Lucknow
Saturday, June 20, 2026

पीएम किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त जारी

Must read

– यूपी के 2.17 करोड़ किसानों को मिले 4352.40 करोड़ रुपये

लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त जारी की। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के 2.17 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में 4352.40 करोड़ रुपये की धनराशि सीधे हस्तांतरित की गई।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ झांसी स्थित आयुक्त सभागार से कार्यक्रम में वर्चुअल रूप से शामिल हुए। उन्होंने प्रदेश के किसानों की ओर से प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अन्नदाता किसानों की समृद्धि और खुशहाली डबल इंजन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा देशभर के 9.44 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में 18,880 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि भेजी गई है। इनमें उत्तर प्रदेश के 2.17 करोड़ से अधिक किसान भी शामिल हैं, जिनके खातों में 4352.40 करोड़ रुपये पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि यह राशि केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि किसानों के सम्मान, परिश्रम और समृद्धि के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

कार्यक्रम में झांसी से सांसद अनुराग शर्मा, राज्यमंत्री मनोहर लाल ‘मन्नू कोरी’, विधायक जवाहर लाल राजपूत तथा अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत पात्र किसान परिवारों को प्रतिवर्ष 6,000 रुपये की सहायता तीन किस्तों में दी जाती है। प्रत्येक किस्त में 2,000 रुपये सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में डीबीटी (प्रत्यक्ष लाभ अंतरण) के माध्यम से भेजे जाते हैं। इस योजना की शुरुआत 24 फरवरी 2019 को गोरखपुर से की गई थी।

प्रदेश सरकार के आंकड़ों के अनुसार, ताजा किस्त जारी होने के बाद उत्तर प्रदेश के किसानों को अब तक कुल 1,03,391.24 करोड़ रुपये की सम्मान निधि प्राप्त हो चुकी है। यह योजना किसानों की आय को सहारा देने और कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने की दिशा में केंद्र सरकार की प्रमुख योजनाओं में शामिल है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article