कांवड़ियों संग नृत्य से चर्चा में आए संजीव सुमन को यूपीआईएफएस में जिम्मेदारी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने मंगलवार शाम पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल करते हुए 18 आईपीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। नई तैनाती में एटीएस, एसएसएफ, पीएसी, सीआईडी, ईओडब्ल्यू, सतर्कता अधिष्ठान, यातायात निदेशालय और क्षेत्रीय अभिसूचना जैसी महत्वपूर्ण इकाइयों में अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं।
आईपीएस प्रीतिबाला गुप्ता को लखनऊ एटीएस का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। वहीं सतीश कुमार को लखनऊ एसएसएफ के सेनानायक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। लखनऊ में तैनात वंशराज यादव का प्रयागराज तबादला करते हुए उन्हें एसएसएफ का सेनानायक बनाया गया है। देवेश कुमार शर्मा को खाद्य प्रकोष्ठ, लखनऊ में पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है।
कांवड़ियों के साथ नृत्य का वीडियो वायरल होने के बाद चर्चा में आए आईपीएस अधिकारी संजीव सुमन को यूपीआईएफएस, लखनऊ में पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। करीब तीन वर्ष पहले मुजफ्फरनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रहते उनका कांवड़ियों के साथ नृत्य करते हुए वीडियो सामने आया था। संजीव सुमन 2014 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं।
समीर सौरभ को पीएसी सीतापुर में सेनानायक बनाया गया है। आशुतोष द्विवेदी को एपीटीसी सीतापुर से अयोध्या भेजकर क्षेत्रीय अभिसूचना का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। अयोध्या में तैनात संजय राय को लखनऊ भेजते हुए सीआईडी में पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है। शोएब इकबाल को यातायात निदेशालय और राहुल मिठास को तकनीकी सेवाओं में पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
तबादला सूची में डॉ. कृष्ण गोपाल को मुरादाबाद पीटीसी का पुलिस अधीक्षक, पवित्र मोहन त्रिपाठी को मिर्जापुर आरटीसी का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। आलोक कुमार शर्मा और राजकुमार को सतर्कता अधिष्ठान भेजा गया है। शशि शेखर सिंह को लखनऊ एटीएस से हटाकर 11वीं वाहिनी पीएसी सीतापुर का सेनानायक बनाया गया है।
महेश सिंह अत्री को बरेली में क्षेत्रीय अभिसूचना का पुलिस अधीक्षक, कमल किशोर को आर्थिक अपराध शाखा का पुलिस अधीक्षक और आनंद कुमार द्वितीय को लखनऊ में सीआईडी का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। यह फेरबदल ऐसे समय हुआ है जब सितंबर में इससे पहले भी पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए जा चुके हैं।


