लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। रायबरेली से लखनऊ आ रही तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर की लोहे की रेलिंग तोड़ते हुए सड़क के दूसरी ओर पलट गई। इस हादसे में कार सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा रायबरेली रोड पर कल्ली पश्चिम पुलिस चौकी के पास रात करीब डेढ़ बजे हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि डिवाइडर की लोहे की रेलिंग टूट गई और उसके टुकड़े सड़क किनारे बिखर गए। दुर्घटना में कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। कार में सवार एक युवक स्टीयरिंग के पास फंस गया था। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से उसे बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से पीजीआई स्थित एपेक्स ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने रायबरेली निवासी 26 वर्षीय उत्कर्ष को मृत घोषित कर दिया, जबकि चार अन्य घायलों का इलाज जारी है। हादसे के कारणों का विस्तृत विवरण सामने नहीं आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


