कोलंबो। भारत और श्रीलंका के बीच खेले जा रहे कोलंबो टेस्ट के चौथे दिन श्रीलंका ने फॉलोऑन के बाद दूसरी पारी में संभलकर बल्लेबाजी की। श्रीलंका ने दो विकेट गंवाकर 126 रन बना लिए हैं। टीम अभी भारत की बढ़त से 87 रन पीछे है।
इससे पहले श्रीलंका की पहली पारी 290 रन पर सिमट गई थी। भारत ने पहली पारी 503 रन पर घोषित की थी और 213 रन की बढ़त के बाद श्रीलंका को फॉलोऑन दिया।
दूसरी पारी में लाहिरू उदारा को मोहम्मद सिराज ने तीन रन पर आउट किया, जबकि कामिल मिशारा 32 रन बनाकर रवींद्र जडेजा की गेंद पर पगबाधा हुए। इसके बाद पसिंदु सूरियाबंदर और कमिंदु मेंडिस ने पारी को संभाला। सूरियाबंदर 45 रन और मेंडिस 15 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
इससे पहले श्रीलंका की पहली पारी में सोनल दिनूषा ने 103 रन की शतकीय पारी खेली। भारत की ओर से प्रसिद्ध कृष्णा और मानव सुथार ने तीन-तीन विकेट लिए। सारांश जैन ने भी दो विकेट हासिल किए।
भारत ने पहली पारी में ध्रुव जुरेल के नाबाद 115, देवदत्त पडिक्कल के 117 और ऋषभ पंत के 63 रन की बदौलत 503/9 पर पारी घोषित की थी। दो मैचों की श्रृंखला में भारत 1-0 से आगे है।


