रामनगर। सावन मास में भगवान शिव की आराधना और जलाभिषेक का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में रामनगर के पत्रकारों का एक दल पत्रकार संघ अध्यक्ष राम शंकर वर्मा के नेतृत्व में गोंडा जिले के खरगूपुर स्थित ऐतिहासिक एवं प्रसिद्ध पृथ्वीनाथ मंदिर पहुंचा। यहां पत्रकारों ने भगवान शिव का विधि-विधान से जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की और देश-समाज की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। पूजा के बाद पत्रकारों ने मंदिर के महंत से भेंटकर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
पृथ्वीनाथ मंदिर अपनी प्राचीन धार्मिक मान्यताओं, पौराणिक इतिहास और विशाल शिवलिंग के लिए प्रसिद्ध है। मान्यता है कि मंदिर में स्थापित शिवलिंग का संबंध महाभारत काल से है। लोक मान्यताओं के अनुसार अज्ञातवास के दौरान पांडवों ने इस क्षेत्र में प्रवास किया था। इसी दौरान भीम ने यहां भगवान शिव की आराधना की थी। मंदिर में स्थापित विशाल शिवलिंग को एशिया के बड़े शिवलिंगों में शामिल माना जाता है। यही कारण है कि वर्षभर श्रद्धालु यहां दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं।
सावन में बढ़ जाता है मंदिर का महत्व
सावन मास भगवान शिव को समर्पित होने के कारण पृथ्वीनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या कई गुना बढ़ जाती है। आसपास के जिलों के साथ ही दूर-दराज क्षेत्रों से भी शिवभक्त यहां पहुंचते हैं। कांवड़िये और श्रद्धालु पवित्र नदियों का जल लेकर भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं। सावन के सोमवार को मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक माहौल देखने को मिलता है। घंटों की गूंज, हर-हर महादेव के जयघोष और श्रद्धालुओं की लंबी कतारें पूरे परिसर को शिवमय बना देती हैं।
रामनगर से पहुंचे पत्रकारों ने मंदिर की प्राचीनता, पौराणिक मान्यताओं और सावन में होने वाली विशेष पूजा-अर्चना के संबंध में भी जानकारी ली। मंदिर के महंत ने उन्हें पृथ्वीनाथ धाम के इतिहास और धार्मिक महत्व से अवगत कराया। उन्होंने भगवान शिव की महिमा बताते हुए सभी को आशीर्वाद दिया।
इस अवसर पर संत कुमार उपाध्याय, सुमित्रा प्रसाद शुक्ला, संजू यादव, प्रदीप तिवारी सहित अन्य पत्रकार मौजूद रहे।
सावन में आस्था का केंद्र बना पृथ्वीनाथ मंदिर, रामनगर के पत्रकारों ने किया जलाभिषेक


