कन्नौज। छिबरामऊ तहसील क्षेत्र के ग्राम बेहटा निवासी 77 वर्षीय रतिराम बुधवार को विकास भवन परिसर स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गए। सार्वजनिक चकरोड से कथित कब्जा हटवाने की मांग को लेकर उनके इस कदम से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया।
पीड़ित रतिराम का आरोप है कि गांव में खेतों तक जाने वाले सार्वजनिक चकरोड पर पिछले 13 वर्षों से कब्जा है। रास्ता खुलवाने के लिए उन्होंने लेखपाल से लेकर तहसील और जिला प्रशासन तक कई बार शिकायत की, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। रास्ता बंद होने से उन्हें और अन्य ग्रामीणों को खेतों तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
लंबे समय से कार्रवाई नहीं होने से नाराज बुजुर्ग ने टंकी पर चढ़कर विरोध जताया और कब्जा नहीं हटने पर आत्महत्या करने की चेतावनी दी। सूचना मिलने पर तहसीलदार, सीओ सिटी और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने बुजुर्ग को समझाने और सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास किया।
घटना के बाद राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों ने भी मामले में लापरवाही का आरोप लगाते हुए चकरोड की जांच कराकर रास्ता कब्जामुक्त कराने की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासन शिकायत की निष्पक्ष जांच कर समस्या का समाधान कब तक करता है।


