12 C
Lucknow
Monday, February 9, 2026

सुशासन दिवस पर युवाओं ने रखे विचार, प्रयास अकैडमी में निबंध व भाषण प्रतियोगिता का आयोजन

Must read

फर्रुखाबाद: मेरा युवा भारत कार्यक्रम (my youth india program) के अंतर्गत युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तत्वावधान में सुशासन दिवस (Good Governance Day) के अवसर पर प्रयास अकैडमी भोलेपुर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला युवा अधिकारी शिखर रस्तोगी के निर्देशन में किया गया, जिसमें युवाओं के लिए निबंध प्रतियोगिता एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन हुआ।

प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं ने सुशासन दिवस के महत्व पर अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतिभागियों ने राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका, समाज एवं देश के विकास में सक्रिय सहभागिता, सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने तथा जिम्मेदार नागरिक बनने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रभावशाली वक्तव्य दिए। युवाओं ने यह संदेश दिया कि सुशासन तभी संभव है जब युवा जागरूक, जिम्मेदार और सक्रिय भूमिका निभाएं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला परियोजना अधिकारी निहारिका पटेल ने कहा कि सुशासन का अर्थ केवल नियमों का पालन नहीं, बल्कि पारदर्शी, कुशल और समान रूप से समाज का विकास करना है। उन्होंने बताया कि सुशासन में नैतिकता, जवाबदेही और जन-केंद्रित दृष्टिकोण का विशेष महत्व होता है। भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने और हर नागरिक को समान अवसर देने के उद्देश्य से हर वर्ष सुशासन दिवस मनाया जाता है। यह दिन भारत के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की जयंती के रूप में भी मनाया जाता है।

उन्होंने आगे कहा कि सुशासन दिवस केवल एक सरकारी औपचारिकता नहीं है, बल्कि प्रशासनिक सोच में बदलाव का प्रतीक है। इसका उद्देश्य नागरिकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना, सरकारी सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाना, ई-गवर्नेंस को बढ़ावा देना और नीतियों व जमीनी हकीकत के बीच की दूरी को कम करना है।

प्रशिक्षक प्रभात कुमार ने कहा कि सुशासन दिवस सरकारी कार्यप्रणाली के लिए मानक तय करने और शासन को अधिक प्रभावी व जवाबदेह बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। यह अच्छी नीतियों को लागू कर देश के विकास को गति देता है तथा नागरिकों और सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे सुशासन की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

प्रतियोगिता के दौरान युवाओं ने सुशासन के गुणों—पारदर्शिता, जवाबदेही, सहभागिता और निष्पक्षता—पर भी विस्तार से प्रकाश डाला। प्रतियोगिता में विजयी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही उपस्थित सभी युवाओं को सुशासन एवं समाज में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की शपथ भी दिलाई गई।

इस अवसर पर स्वयंसेवक सुमित कुमार, दिव्या आर्या, मधु सहित अन्य युवा साथी एवं प्रतिभागी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सुशासन के प्रति जागरूकता और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सशक्त भूमिका के संकल्प के साथ किया गया।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article