लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को प्रदेश में इन्फ्लुएंजा-ए (एच1एन1) और सीजनल इन्फ्लुएंजा की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने संक्रमण की रोकथाम और मरीजों के बेहतर उपचार के लिए स्वास्थ्य विभाग को व्यापक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, मेडिकल कॉलेजों समेत सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में एच1एन1 की जांच निःशुल्क कराई जाए।
अधिक मामलों वाले जिलों में निगरानी और उपचार व्यवस्था मजबूत करने के साथ अस्पतालों में पर्याप्त दवाएं, जांच सुविधाएं और आइसोलेशन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। गंभीर मरीजों के लिए अलग आईसीयू वार्ड तैयार करने और एच1एन1 की रोकथाम व उपचार को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी करने के निर्देश भी दिए गए।
मुख्यमंत्री ने टेली-कंसल्टेशन व्यवस्था को प्रभावी बनाने तथा जिन क्षेत्रों में संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं, वहां तत्काल निगरानी बढ़ाने को कहा। बच्चों, गर्भवती महिलाओं, 65 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं। एएनएम, आशा कार्यकर्ताओं और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों के सहयोग से सघन जांच अभियान चलाकर संभावित मरीजों की पहचान की जाएगी।
अस्पतालों में इन्फ्लुएंजा जैसे लक्षण वाले मरीजों के लिए अलग काउंटर बनाने के निर्देश भी दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने संक्रमण से बचाव के लिए जनजागरूकता अभियान तेज करने पर जोर देते हुए कहा कि लोगों तक सही और तथ्यपरक जानकारी पहुंचाई जाए, ताकि अनावश्यक पैनिक न फैले। अस्पतालों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर हाथों की स्वच्छता, खांसी-छींक के दौरान सावधानी और संक्रमण से बचाव के उपायों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा गया।


