लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ।आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों एवं सेविकाओं को स्मार्टफोन और नियुक्ति-पत्र वितरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भावुक और प्रेरणादायी सम्बोधन दिया। उन्होंने कोरोना काल के कठिन समय को याद करते हुए आंगनवाड़ी, आशा बहनों और एएनएम की सेवाओं को देश के लिए अमूल्य बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान जब पूरी दुनिया भय और अनिश्चितता के दौर से गुजर रही थी, तब ये फ्रंटलाइन वर्कर्स न केवल स्वयं को सुरक्षित रखते हुए कार्य कर रही थीं, बल्कि घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करने, दवाइयों और सुविधाओं को पहुंचाने तथा संक्रमण से बचाव का कार्य भी कर रही थीं।
उन्होंने बताया कि उस दौर का दृश्य अत्यंत भावनात्मक था, जब एक ओर लोग घरों में कैद थे, वहीं दूसरी ओर आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां, आशा और एएनएम पूरे समर्पण के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कोविड प्रबंधन के विजन को जमीनी स्तर पर लागू करने में जुटी थीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार इन कार्यकर्ताओं के योगदान को भली-भांति समझती है, इसलिए उन्हें तकनीकी रूप से सशक्त बनाने के लिए स्मार्टफोन वितरण किया जा रहा है, जिससे वे अपनी सेवाओं को और प्रभावी ढंग से निभा सकें।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति-पत्र भी सौंपे गए, जिससे उनके रोजगार को स्थायित्व और सम्मान मिला। मुख्यमंत्री ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका समर्पण ही प्रदेश की मजबूत स्वास्थ्य व्यवस्था की नींव है।
आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को सीएम नें दिए स्मार्टफोन व नियुक्ति-पत्र


