फर्रुखाबाद। राजेपुर थाना क्षेत्र में शिक्षक संघ अध्यक्ष के घर हुई करीब 15 लाख रुपये की सनसनीखेज लूट के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मुख्य आरोपी सेठ पुत्र बुद्धा, निवासी बीबीपुर, जनपद सीतापुर को लखीमपुर खीरी जिला कारागार से बी-वारंट पर लाकर पुलिस कस्टडी रिमांड में लिया गया। न्यायालय से रिमांड मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी से गहन पूछताछ की, जिसके आधार पर लूटे गए सामान का कुछ हिस्सा बरामद कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी की निशानदेही पर दो जोड़ी सफेद धातु की पायल, एक महिला की घड़ी, एक पर्स, आधार कार्ड सहित अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं। बरामद सामान को कब्जे में लेकर पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और लूट में शामिल अन्य आरोपियों तथा शेष सामान की बरामदगी के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि 17 मई को राजेपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कुइयां में शिक्षक संघ अध्यक्ष के घर हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोलकर करीब 15 लाख रुपये की लूट की थी। घटना के दौरान विरोध करने पर दो सगे भाइयों को गोली मार दी गई थी। वारदात के बाद ग्रामीणों ने मौके से दो बदमाशों को दबोच लिया था, जबकि मुख्य आरोपी सेठ फरार हो गया था। बाद में लखीमपुर खीरी पुलिस ने उसे मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को पहले भी बी-वारंट पर लाने का प्रयास किया गया था, लेकिन सफलता नहीं मिली। अब पुलिस कस्टडी रिमांड मिलने के बाद उससे पूछताछ संभव हो सकी। मेडिकल परीक्षण के लिए आरोपी को पहले सीएचसी राजेपुर ले जाया गया, लेकिन इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर के मौजूद न होने पर उसे जिला अस्पताल लोहिया लाया गया, जहां डॉ. प्रदीप कुमार ने उसका मेडिकल परीक्षण किया। स्वास्थ्य विभाग ने सीएचसी में चिकित्सक की अनुपस्थिति के मामले की जांच कराने की बात कही है।


