डायल 112 और फतेहगढ़ पुलिस ने संभाला मोर्चा, पहले से दर्ज अपहरण के मुकदमे की जांच के बीच थाने ले जाया गया प्रेमी युगल
फर्रुखाबाद। फतेहगढ़ कचहरी परिसर में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब कोर्ट मैरिज करने पहुंचे एक प्रेमी युगल को युवती के परिजनों ने पकड़ लिया। दोनों पक्षों के आमने-सामने आने के बाद कचहरी परिसर में काफी देर तक तीखी नोकझोंक और हंगामा होता रहा। स्थिति बिगड़ती देख मौके पर मौजूद लोगों ने डायल 112 पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने पहुंचकर मामला शांत कराया।
सूचना मिलने पर फतेहगढ़ थाना प्रभारी तेज सिंह भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने प्रेमी युगल और दोनों पक्षों के परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन विवाद बढ़ता देख सभी को पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया। घटना के चलते कचहरी परिसर में लोगों की भीड़ जमा हो गई और काफी देर तक चर्चा का विषय बनी रही।
जानकारी के अनुसार, युवती मोहम्मदाबाद क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है। युवती की मां ने पूर्व में जनपद मैनपुरी के बेवर थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी 18 वर्षीय बेटी रिश्तेदारी में गई थी, जहां से वह अचानक लापता हो गई। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चल सका। परिजनों ने गांव के ही एक युवक तथा उसके दो साथियों पर युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था।
बेवर थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। इसी बीच प्रेमी युगल के फतेहगढ़ कचहरी पहुंचकर विवाह करने की जानकारी मिलने पर युवती के परिजन वहां पहुंच गए और दोनों को पकड़ लिया, जिससे विवाद खड़ा हो गया।
पुलिस का कहना है कि मामले में पहले से दर्ज मुकदमे और दोनों पक्षों के बयान के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। युवती के बयान भी नियमानुसार दर्ज कराए जाएंगे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
फतेहगढ़ कचहरी में शादी करने पहुंचे प्रेमी युगल को युवती के परिजनों ने पकड़ा, घंटों चला हंगामा


