नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। उत्तराखंड और हिमालयी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के कारण उत्तर प्रदेश में गंगा, घाघरा-सरयू समेत 10 नदियां उफान पर हैं। बिजनौर में गंगा का पानी बहसूमा-ठाकुरद्वारा स्टेट हाईवे के ऊपर से बह रहा है, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ है। नदी किनारे बसे कई इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।
भारी बारिश को देखते हुए गुजरात सरकार ने शुक्रवार को सभी स्कूल और कॉलेज बंद रखने के आदेश दिए हैं। उत्तराखंड के बागेश्वर और रुद्रप्रयाग जिलों में भी खराब मौसम के कारण विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है। मौसम विभाग ने उत्तराखंड के छह जिलों, गुजरात, मध्य प्रदेश, राजस्थान, बिहार, पंजाब-चंडीगढ़ और हिमाचल प्रदेश समेत सात राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
मध्य प्रदेश में तीन मजबूत मानसूनी सिस्टम सक्रिय हैं, जिससे पश्चिमी हिस्सों में अगले 48 घंटे तक भारी बारिश की संभावना है। खंडवा जिले में दो नदियों के बीच बने टापू पर फंसे चार लोगों को 11 घंटे लंबे रेस्क्यू अभियान के बाद सुरक्षित निकाला गया। वहीं छत्तीसगढ़ के गरियाबंद में उदंती नदी पर निर्माणाधीन पुल ढह गया और उत्तराखंड के हरिद्वार में अचानक नदी का जलस्तर बढ़ने से एक कार फंस गई।
राजस्थान में मानसून कमजोर पड़ने और पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से गर्मी बढ़ गई है। जैसलमेर और बाड़मेर में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। दूसरी ओर चूरू के सरदारशहर में तेज बारिश से बाजारों में तीन फीट तक पानी भर गया। बिहार के 25 जिलों, उत्तर प्रदेश के 24 जिलों तथा पंजाब-चंडीगढ़ में भी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की है।


