33.4 C
Lucknow
Monday, July 27, 2026

सरकारी नलकूप से खेतों की सिंचाई का दावा, राजकीय पॉलिटेक्निक का वीडियो वायरल

Must read

 

नवाबगंज। फर्रुखाबाद जनपद के नवाबगंज क्षेत्र स्थित कुरार राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में दावा किया जा रहा है कि कॉलेज परिसर में लगे सरकारी नलकूप से पाइप जोड़कर आसपास के निजी खेतों की सिंचाई की जा रही है। वीडियो सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में इसको लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठने लगी है।
वायरल वीडियो में एक युवक सबसे पहले खेतों की ओर जाती हुई पाइपलाइन दिखाता है। इसके बाद वह पाइप का पीछा करते हुए कॉलेज परिसर के भीतर पहुंचता है। वीडियो में यह दिखाने का प्रयास किया गया है कि खेतों तक पहुंची पाइप सीधे कॉलेज परिसर में स्थापित सरकारी नलकूप से जुड़ी हुई है। नलकूप के पास पाइप लगी हुई दिखाई देती है और वीडियो में दावा किया जाता है कि इसी के माध्यम से निजी खेतों की सिंचाई की जा रही है।
यदि वीडियो में किए जा रहे दावे जांच में सही पाए जाते हैं, तो यह सरकारी संसाधनों के कथित दुरुपयोग का गंभीर मामला हो सकता है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि वीडियो कब रिकॉर्ड किया गया और वर्तमान में मौके की वास्तविक स्थिति क्या है।
यूथ इंडिया इस वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं करता है। मामले की सच्चाई प्रशासनिक जांच के बाद ही सामने आएगी। समाचार लिखे जाने तक किसी भी प्रशासनिक अधिकारी की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।
इस संबंध में राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज के प्राचार्य से उनका पक्ष जानने के लिए कई बार संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article