– कहा— राष्ट्र की सुरक्षा के प्रति अटूट समर्पण को नमन
नई दिल्ली। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि कारगिल के रणबांकुरों का साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान देशवासियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर अपने संदेश में कहा कि “कारगिल विजय दिवस पर उन सभी वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। राष्ट्र की सुरक्षा के प्रति उनका अटूट समर्पण, अदम्य साहस और पराक्रम हर भारतीय के लिए प्रेरणा का स्रोत है।”
पीएम मोदी ने कहा कि देश अपने वीर जवानों के बलिदान का सदैव ऋणी रहेगा और उनके शौर्य की गाथा आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा और देशभक्ति की प्रेरणा देती रहेगी।
हर वर्ष 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस मनाया जाता है। वर्ष 1999 में भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन विजय’ के तहत पाकिस्तानी घुसपैठियों को कारगिल की रणनीतिक चोटियों से खदेड़कर ऐतिहासिक जीत हासिल की थी। यह दिन भारतीय सैनिकों के अदम्य साहस, पराक्रम और सर्वोच्च बलिदान के सम्मान में पूरे देश में श्रद्धा और गौरव के साथ मनाया जाता है।


