– सीजेपी के आंदोलन को देंगे समर्थन
नई दिल्ली। आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद आज दिल्ली के जंतर-मंतर पहुंचेंगे। वह कॉकरोच जनता पार्टी द्वारा आयोजित प्रदर्शन में शामिल होकर आंदोलनकारियों के समर्थन में अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगे। इस आंदोलन का मुख्य मुद्दा कथित परीक्षा अनियमितताओं, युवाओं के भविष्य, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग है।
दिल्ली के जंतर-मंतर पर यह प्रदर्शन पिछले कई दिनों से जारी है। आंदोलन को पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक का भी समर्थन मिला है। हाल के दिनों में उनकी भूख हड़ताल और गिरती सेहत ने इस आंदोलन को राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बना दिया है। प्रदर्शनकारी परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
चंद्रशेखर आजाद ने पहले ही इस आंदोलन के प्रति समर्थन जताया था और अब उनके जंतर-मंतर पहुंचने से आंदोलन को राजनीतिक मजबूती मिलने की संभावना है। इससे पहले भी विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने प्रदर्शन स्थल पर पहुंचकर आंदोलनकारियों के प्रति एकजुटता दिखाई है।
आंदोलन के आयोजकों का कहना है कि उनका उद्देश्य युवाओं की आवाज़ को संसद और केंद्र सरकार तक पहुंचाना है। इसी क्रम में आगामी दिनों में संसद मार्च और व्यापक जनसमर्थन जुटाने की भी तैयारी की जा रही है।


