– बरेली पुलिस ने महिला को किया गिरफ्तार
बरेली। बरेली पुलिस ने खुद को आईएएस अधिकारी बताकर शादी करने और बाद में पति से 40 लाख रुपये की कथित मांग कर ब्लैकमेल करने के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला की पहचान साधना के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने बदायूं से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, साधना ने करीब 15 दिन पहले फरीदपुर थाना क्षेत्र के पचोमी गांव निवासी अभिषेक से खुद को आईएएस अधिकारी बताकर शादी की थी। आरोप है कि शादी के कुछ ही दिनों बाद उसने पति पर दबाव बनाना शुरू कर दिया और 40 लाख रुपये की मांग करने लगी।
शिकायत के मुताबिक, महिला कथित तौर पर खुद को प्रभावशाली अधिकारी बताकर पति को धमकाती थी और विभिन्न मामलों में फंसाने की बात कहकर ब्लैकमेल भी कर रही थी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
जांच के दौरान महिला के आईएएस अधिकारी होने का दावा फर्जी निकला। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी साधना को बदायूं से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि उसने पहले भी इस तरह की वारदात को अंजाम दिया है या नहीं। मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।


