– बड़ा हादसा टला
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा की गैलेक्सी वेगा सोसाइटी में मंगलवार को एक बड़ा हादसा टल गया। सोसाइटी के एक टावर की लिफ्ट अचानक बीच रास्ते में बंद हो गई, जिससे उसमें सवार चार बच्चे करीब 30 मिनट तक फंसे रहे। घटना के दौरान बच्चे घबरा गए, लेकिन उन्होंने हिम्मत बनाए रखने के लिए लिफ्ट के भीतर हनुमान चालीसा का पाठ करना शुरू कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही सोसाइटी के सुरक्षा कर्मी और मेंटेनेंस टीम मौके पर पहुंची। काफी प्रयास के बाद लिफ्ट का दरवाजा खोला गया और सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी बच्चे को कोई शारीरिक चोट नहीं आई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बच्चों के परिजन लिफ्ट के बाहर काफी देर तक परेशान रहे। बच्चों के सुरक्षित बाहर निकलने के बाद सभी ने राहत की सांस ली।
घटना के बाद सोसाइटी के निवासियों ने लिफ्टों के रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि बहुमंजिला इमारतों में लिफ्ट की नियमित जांच और समय पर मेंटेनेंस सुनिश्चित किया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
फिलहाल लिफ्ट में आई तकनीकी खराबी के कारणों की जांच की जा रही है। सोसाइटी प्रबंधन ने भी मामले की जांच कराने और आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने का आश्वासन दिया है।


