उत्तर प्रदेश के कानपुर में भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश सचिव रमेश से लूटपाट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सेन पश्चिम पारा क्षेत्र स्थित उनके फार्महाउस में दो नकाबपोश बदमाशों ने घुसकर 34 लाख रुपये लूट लिए। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, तमंचे और चाकू से लैस दोनों बदमाशों ने वारदात को महज 37 मिनट में अंजाम दिया। बदमाशों ने भाजपा नेता को डराकर उनसे नकदी लूट ली। इस दौरान उन्होंने कथित तौर पर दो करोड़ रुपये की मांग भी की थी।
लूटपाट के दौरान बदमाशों ने रमेश के हाथ-पैर टेप से बांध दिए और उनके मुंह में तौलिया ठूंसकर उन्हें बाथरूम में बंद कर दिया। हैरानी की बात यह रही कि फार्महाउस के गेट पर तैनात सुरक्षा गार्डों को वारदात की भनक तक नहीं लगी।
घटना की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। बदमाशों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए जांच की जा रही है। इस वारदात ने फार्महाउस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।


