30.5 C
Lucknow
Thursday, October 8, 2026

14 बीघा जमीन के विवाद में दादी की हत्या, नाबालिग पौत्र गिरफ्तार

Must read

14 बीघा जमीन के विवाद में दादी की हत्या, नाबालिग पौत्र गिरफ्तार

फर्रुखाबाद। नवाबगंज कस्बे में संपत्ति विवाद को लेकर दादी की हत्या के मामले में पुलिस ने 17 वर्षीय नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को बाइपास रोड स्थित घर में 55 वर्षीय लक्ष्मी देवी पर हंसिए से हमला कर उनकी हत्या कर दी गई थी। घटना के दौरान बीच-बचाव करने आई आरोपी की सगी दादी मिथलेश कुमारी और 11 वर्षीय बहन मानवी भी घायल हो गईं। दोनों को रस्सी से बांधने का आरोप है।

पुलिस की जांच में सामने आया है कि लक्ष्मी देवी के पति जगमोहन शर्मा नि:संतान थे और उन्होंने शिल्पी को बचपन में गोद लिया था। पुलिस के मुताबिक आरोपी को आशंका थी कि शिल्पी के गोद लिए जाने से करीब 14 बीघा जमीन और मकान उसके हाथ से निकल जाएंगे। इसी संपत्ति विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है।

घटना के समय जगमोहन शर्मा अपनी गोद ली हुई बेटी शिल्पी को दवा दिलाने मैनपुरी गए थे। घर में लक्ष्मी देवी अकेली थीं। दोपहर करीब 1:30 बजे आरोपी घर पहुंचा और कमरे में लक्ष्मी देवी पर हंसिए से हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौत हो गई। चीख-पुकार सुनकर पहुंचीं मिथलेश कुमारी पर भी हमला किया गया। बाद में आरोपी ने अपनी बहन मानवी पर भी हमला कर उसे घायल कर दिया और दोनों को रस्सी से बांध दिया।

शोर सुनकर आरोपी के बाबा रामरतन घर के अंदर पहुंचे। उन्होंने आरोपी से हंसिया छीनकर उसे कमरे में बंद कर दिया और दोनों घायलों को बंधन से मुक्त कराया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में लिया। घटनास्थल से पुलिस ने हंसिया बरामद किया है और फॉरेंसिक टीम ने खून के निशान समेत अन्य साक्ष्य जुटाए हैं।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस से कहा कि उसे खुद नहीं पता कि उससे क्या हो गया और उस पर कुछ सवार हो गया था। पुलिस के अनुसार आरोपी पहले चोरी की घटनाओं में भी शामिल रहा है। फिलहाल पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article