क्रासर
रोजाना हजारों रुपये की दवा मंगाने और उपचार में लापरवाही का आरोप, पुलिस को दी सूचना
फर्रुखाबाद। लोहाई रोड स्थित नेहा नर्सिंग होम में उपचार के दौरान एक प्रसूता की मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने चिकित्सकों पर गलत उपचार और गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की सूचना पुलिस को दी। महिला की मौत के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया। पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर जांच शुरू कर दी है।
पड़ोसी जनपद हरदोई के सांडी निवासी हर्षित दीक्षित ने बताया कि उसकी बहन पूनम पत्नी संजीव अग्निहोत्री को शुक्रवार को प्रसव पीड़ा होने पर लोहाई रोड के निकट स्थित नेहा नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। परिजनों के मुताबिक अस्पताल में चिकित्सकों ने उपचार के दौरान रोजाना खून चढ़ाने की बात कही। इसके बाद पूनम का ऑपरेशन किया गया, जिसमें उसने बच्चे को जन्म दिया।
परिजनों का कहना है कि प्रसव के बाद भी पूनम का उपचार अस्पताल में जारी रहा। रविवार सुबह करीब छह बजे अचानक उसकी हालत बिगड़ गई और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि चिकित्सकों द्वारा गलत उपचार किए जाने और लापरवाही बरतने के कारण पूनम की जान गई है।
रोजाना 12 हजार रुपये की दवा मंगाने का आरोप
मृतका के भाई हर्षित दीक्षित ने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों पर आर्थिक अनियमितता का भी आरोप लगाया। उसका कहना है कि उपचार के दौरान प्रतिदिन करीब 12 हजार रुपये की दवाएं मंगाई जाती थीं। आरोप है कि चिकित्सक दवाओं को गोल-गोल कर वापस कर देते थे और बाद में दवा खत्म होने की बात कहकर दोबारा दवाएं मंगाई जाती थीं। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
मौत के बाद परिजनों में आक्रोश
पूनम की मौत की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने चिकित्सकों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। उनका कहना है कि यदि समय रहते उचित उपचार और देखरेख की जाती तो पूनम की जान बचाई जा सकती थी। परिजनों ने मामले की जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
गलत उपचार से प्रसूता की मौत का आरोप, परिजनों ने नेहा नर्सिंग होम में किया हंगामा


