बोले- “उन्होंने हमें तलाक दे दिया, हमने कबूल कर लिया, अब क्यों चिल्ला रहे हैं?”
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान पर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने पलटवार किया है। राजभर ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि अखिलेश यादव ने जब उनसे राजनीतिक दूरी बना ली है तो अब इस मुद्दे पर बयानबाजी क्यों की जा रही है।
राजभर ने तंज कसते हुए कहा, “उन्होंने हमें तलाक दे दिया है, हमने कबूल कर लिया है तो अब क्या चिल्ला रहे हैं?” उन्होंने आगे समाजवादी पार्टी को लेकर कहा, “समाजवादी पार्टी डूबती हुई नैया है। जिसे मरना है वह वहां जाए।”
राजभर की यह टिप्पणी उत्तर प्रदेश की राजनीति में सपा और सुभासपा के बीच बढ़ती बयानबाजी के बीच सामने आई है। दोनों नेताओं के बयानों के बाद राजनीतिक हलकों में इसे लेकर चर्चा तेज हो गई है।
राजभर ने अपने बयान के जरिए यह संकेत भी दिया कि वह सपा से अलग राजनीतिक रास्ते पर आगे बढ़ रहे हैं। हालांकि, उनके बयान को राजनीतिक प्रतिक्रिया के रूप में देखा जा रहा है और अलग-अलग दल इस पर अपनी प्रतिक्रिया दे सकते हैं।


