नई दिल्ली। लोक दल के अध्यक्ष चौधरी सुनील सिंह ने इंडिया गठबंधन को लेकर कहा कि गठबंधन पूरी तरह मजबूत है और उत्तर प्रदेश में भी गठबंधन की स्थिति मजबूत है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों को एकजुट होकर आगे बढ़ना चाहिए।
चौधरी सुनील सिंह ने दावा किया कि आगामी चुनाव में भाजपा को 300 से अधिक सीटों पर हराने की क्षमता विपक्षी गठबंधन में है। हालांकि, उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के कुछ नेताओं की ओर से दिए जा रहे बयानों पर चिंता भी जताई।
उन्होंने कहा कि गठबंधन के कुछ नेताओं के बयान गठबंधन की एकजुटता को कमजोर करने का काम कर रहे हैं। उनके मुताबिक, आपसी मतभेदों को सार्वजनिक करने के बजाय गठबंधन के घटक दलों को साझा मुद्दों और रणनीति पर ध्यान देना चाहिए।
लोक दल अध्यक्ष ने कहा कि इंडिया गठबंधन की मजबूती आपसी समन्वय और एकजुटता पर निर्भर करती है। उन्होंने गठबंधन के नेताओं से संयमित बयान देने और सामूहिक रूप से आगे बढ़ने की अपील की।


