बंदर अब्बास, सिरिक और केश्म में धमाकों से बढ़ा तनाव
तेहरान/होर्मुज। पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच सैन्य संघर्ष एक बार फिर खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। अमेरिकी सेना ने दक्षिणी ईरान में होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास स्थित कई सैन्य ठिकानों, मिसाइल प्रणालियों, एयर डिफेंस सिस्टम और आईआरजीसी (इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स) की नौसैनिक क्षमताओं को निशाना बनाकर बड़े हमले किए। इसके बाद बंदर अब्बास, सिरिक, केश्म द्वीप और जास्क क्षेत्र में लगातार कई विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं।
अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, ईरानी बलों ने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे वाणिज्यिक जहाजों पर गोलीबारी की और मिसाइल तथा ड्रोन हमले करने की कोशिश की। अमेरिकी नौसेना और वायु रक्षा प्रणालियों ने कई मिसाइलों और ड्रोन को हवा में ही नष्ट करने का दावा किया है।
ईरानी मीडिया के मुताबिक, बंदर अब्बास, सिरिक और केश्म द्वीप के कई इलाकों में जोरदार धमाके हुए। कुछ स्थानों पर संचार टावरों और सैन्य प्रतिष्ठानों को नुकसान पहुंचने की भी खबर है। जास्क के आसपास भी कई विस्फोट दर्ज किए गए, हालांकि ईरान ने नुकसान का आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया है।
उधर अमेरिकी रक्षा विभाग का कहना है कि कार्रवाई का उद्देश्य ईरान की उन सैन्य क्षमताओं को कमजोर करना था जिनका इस्तेमाल अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार और जहाजों पर हमलों में किया जा रहा था। अमेरिका ने स्पष्ट किया है कि होर्मुज जलडमरूमध्य में अंतरराष्ट्रीय नौवहन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।


