23.2 C
Lucknow
Sunday, September 27, 2026

नाले में डूबे चार वर्षीय मासूम का दूसरे दिन मिला शव, परिवार में मचा कोहराम

Must read

क्रासर
मूसलाधार बारिश के दौरान घर के सामने नाले में बह गया था रेवांश शाक्य, एनडीआरएफ की टीम भी जुटी थी तलाश में
फर्रुखाबाद। थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के ढुइयां चुंगी मोहल्ले में मूसलाधार बारिश के दौरान नाले में डूबे चार वर्षीय मासूम रेवांश शाक्य का शव दूसरे दिन रविवार सुबह करीब आठ बजे बरामद हुआ। बालक का शव कर्बला के निकट ग्राम भोपत नगला निवासी सुधाकर शाक्य और दिलेराम शाक्य के गोभी के खेत की मेड़ के बीच पड़ा मिला। मासूम का शव मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। इकलौते बेटे की मौत से मां का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
जानकारी के अनुसार, ढुइयां चुंगी के निकट रहने वाले आकाश शाक्य का चार वर्षीय पुत्र रेवांश शनिवार शाम करीब चार बजे घर के बाहर पेशाब करने के लिए निकला था। इसी दौरान पैर फिसलने से वह मकान के सामने से गुजर रहे नाले में जा गिरा। उस समय मूसलाधार बारिश होने के कारण नाले में पानी का तेज बहाव था, जिससे मासूम बह गया।
काफी देर तक जब रेवांश घर में दिखाई नहीं दिया तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान पता चला कि वह नाले में गिर गया है। इसके बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर थाना पुलिस के साथ सीओ सिटी और सिटी मजिस्ट्रेट मौके पर पहुंचे। बालक की तलाश के लिए एनडीआरएफ की टीम को भी लगाया गया, लेकिन देर रात तक उसका कोई पता नहीं चल सका।
पुलिया से होकर दूसरे नाले में पहुंचा शव
परिजन और ग्रामीण रातभर बालक को नाले में तलाशते रहे। बताया गया कि नाले का पानी पुलिया से होकर दूसरी ओर बह रहा था, जिसके कारण बालक का शव भी दूसरी तरफ पहुंच गया। खेत की खाई कट जाने से पानी के तेज बहाव में शव गोभी की क्षतिग्रस्त फसल वाले खेत तक पहुंच गया।
रविवार सुबह करीब आठ बजे ग्राम भोपत नगला निवासी सुधाकर शाक्य और दिलेराम शाक्य के गोभी के खेत की मेड़ के बीच शव पड़ा दिखाई दिया। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर लोहिया अस्पताल भेज दिया।
इकलौते बेटे की मौत से बेसुध हुई मां
रेवांश आकाश शाक्य का इकलौता बेटा था। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। बेटे को खोने के गम में मां का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना से मोहल्ले में भी शोक की लहर दौड़ गई। चार वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article