लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच आजाद समाज पार्टी ने 42 विधानसभा सीटों के लिए प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी कर दी है। पार्टी की ओर से जारी सूची में 20 अनुसूचित जाति, 13 अन्य पिछड़ा वर्ग और नौ मुस्लिम समाज से जुड़े चेहरे शामिल हैं। इस सूची के साथ पार्टी अब तक 87 विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नाम घोषित कर चुकी है।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद के निर्देश और प्रदेश कमेटी की संस्तुति के बाद सूची जारी की गई है। घोषित किए गए नामों में कई क्षेत्रों में पार्टी के विधानसभा प्रभारी बनाए गए नेताओं को ही प्रत्याशी के रूप में सामने रखा गया है।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लेकर पूर्वांचल तक पार्टी ने अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में चेहरे उतारे हैं। मुजफ्फरनगर की मीरापुर से रविंद्र भाटी, संभल की चंदौसी से रमेश गंधर्व, रामपुर की स्वार से इरफान अल्वी, अमरोहा की हसनपुर से चौधरी शाहनवाज और बुलंदशहर की सिकंदराबाद से ललित भाटी को सूची में शामिल किया गया है।
उन्नाव की बांगरमऊ सीट से मुसब्बिर खान, सफीपुर से राज कुमार गौतम और मोहान से मनोज कुमार को प्रत्याशी बनाया गया है। वहीं फर्रुखाबाद की कायमगंज विधानसभा सीट से रविंद्र पाल सिंह का नाम घोषित किया गया है। कानपुर नगर की घाटमपुर सीट से अर्पित आजाद और कानपुर देहात की सिकंदरा सीट से रविंद्र पाल फौजी को मैदान में उतारा गया है।
प्रयागराज की फूलपुर से शाहिद अख्तर खान, करछना से चंदन पासी, बाराबंकी सदर से कपिल वर्मा पटेल, अयोध्या की गोसाईगंज से डॉ. मनोज कुमार यादव, अंबेडकरनगर की अकबरपुर से महेंद्र राजभर, वाराणसी की शिवपुर से मनोज कुमार यादव और सोनभद्र की रॉबर्ट्सगंज से राहुल कुमार को सूची में स्थान मिला है।
पार्टी की दूसरी सूची में सामाजिक वर्गों के आधार पर उम्मीदवारों का प्रतिनिधित्व भी सामने आया है। 42 नामों में अनुसूचित जाति के 20, अन्य पिछड़ा वर्ग के 13 और मुस्लिम समाज के नौ प्रत्याशी शामिल हैं। इससे पहले जारी सूची के साथ मिलाकर आजाद समाज पार्टी ने अब तक 87 विधानसभा क्षेत्रों में अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है।


