32 C
Lucknow
Saturday, September 12, 2026

देशभर में बारिश-बाढ़ का कहर, 47 लाख लोग प्रभावित

Must read

 

कहीं पुल बहा तो कहीं नदी में छात्र लापता

नई दिल्ली। मानसून की बारिश ने देश के कई हिस्सों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। उत्तराखंड में भारी बारिश के बीच पिथौरागढ़ के कुलागाड़ नाले पर बना 170 फीट लंबा बैली ब्रिज तेज बहाव में बह गया, जिससे चीन सीमा से लगी व्यास, दारमा और चौदांस घाटियों का संपर्क टूट गया। उधर, छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा में हसदेव नदी के तेज बहाव में तीन कॉलेज छात्र बह गए। तीनों की तलाश जारी है।

बिहार में बाढ़ की स्थिति सबसे गंभीर बनी हुई है। राज्य के 14 जिलों के 2,360 गांवों में करीब 44 लाख लोग प्रभावित हैं और आठ नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। करीब 28 हजार लोग राहत शिविरों में शरण लिए हुए हैं। बाढ़ प्रभावित इलाकों में नावों के जरिए राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है। कई जगह ग्रामीण जान जोखिम में डालकर जरूरी सामान लेने को मजबूर हैं।

उत्तर प्रदेश में भी बाढ़ और बारिश ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। प्रदेश के 26 जिले बाढ़ की चपेट में हैं और करीब चार लाख लोग प्रभावित बताए गए हैं। गंगा-यमुना समेत कई नदियां उफान पर हैं। फर्रुखाबाद में बाढ़ के कारण स्टेट हाईवे का करीब 400 मीटर हिस्सा डूब गया है, जबकि कानपुर और उन्नाव में गंगा का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। कई नदी किनारे बसे गांवों में पानी घुसने से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

उत्तराखंड में पांच जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। देहरादून, टिहरी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और उत्तरकाशी में तेज बारिश की संभावना है। पिथौरागढ़ में पुल बहने से सीमांत क्षेत्रों का संपर्क प्रभावित हुआ है। हालांकि केदारनाथ पैदल यात्रा मार्ग को शुक्रवार को यात्रियों के लिए खोल दिया गया है।

मध्य प्रदेश में भी मानसून फिर सक्रिय हो गया है। भोपाल, दमोह, विदिशा और टीकमगढ़ समेत कई जिलों में तेज बारिश हुई। भोपाल में बारिश के दौरान दृश्यता 100 मीटर से भी कम रह गई, जबकि दमोह के निचले इलाकों में पानी भर गया। मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के 15 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

राजस्थान में भी मानसून ने फिर जोर पकड़ा है। मौसम विभाग ने 29 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। अलवर और जयपुर समेत कई इलाकों में शुक्रवार को तेज बारिश से सड़कें जलमग्न हो गईं। हालांकि प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में बारिश के बावजूद गर्मी का असर बना हुआ है और कई स्थानों पर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है।

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा में हादसा उस समय हुआ, जब बिलासपुर के चौकसे कॉलेज के आठ छात्र-छात्राएं पिकनिक के लिए देवरी गांव पहुंचे थे। नदी किनारे सेल्फी लेने के दौरान एक छात्र का पैर फिसल गया। उसे बचाने के प्रयास में दो अन्य छात्र भी तेज बहाव में बह गए। प्रशासन और बचाव दल तीनों की तलाश में जुटे हैं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article