फर्रुखाबाद। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने अपने आवास नगरिया देवधरापुर में अपने पुत्र के साथ आम के पौधों का रोपण किया। इस अवसर पर उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की।
फतेहचंद वर्मा ने कहा कि वृक्षारोपण दिखावे के लिए नहीं, बल्कि अपने और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए करना चाहिए। पेड़ हमें शुद्ध ऑक्सीजन, स्वच्छ वातावरण और प्राकृतिक संतुलन प्रदान करते हैं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को हर वर्ष कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल भी करनी चाहिए।
उन्होंने पौधरोपण की उपयोगी जानकारी साझा करते हुए बताया कि पौधा लगाने से पहले गड्ढे में कुछ जौ के दाने डालने से पौधा जल्दी जड़ पकड़ता है। इसके साथ ही गोबर की खाद और उपजाऊ मिट्टी का प्रयोग करने से पौधे का विकास बेहतर होता है।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है। यदि प्रत्येक परिवार एक-एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे तो आने वाले समय में पर्यावरण को सुरक्षित और हराभरा बनाया जा सकता है।इस दौरान उन्होंने अपने पुत्र के साथ पौधों की देखभाल का भी संकल्प लिया और लोगों से वृक्षारोपण को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया।


