नोटिस के बाद कार्रवाई का विरोध, नगर निगम टीम और दुकानदार पक्ष आमने-सामने; मौके पर पहुंचा भारी पुलिस बल
लखनऊ। ठाकुरगंज थाना क्षेत्र में कबाड़ की दुकान हटाने पहुंची नगर निगम की टीम को विरोध का सामना करना पड़ा। जोन-6 की टीम कार्रवाई के लिए मौके पर पहुंची तो दुकान खाली कराने को लेकर विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते हंगामा शुरू हो गया।
बताया जा रहा है कि नगर निगम की ओर से 26 अगस्त को नोटिस जारी किया गया था। दुकान संचालक पक्ष का आरोप है कि उन्होंने नोटिस का जवाब भी दे दिया था, इसके बावजूद नगर निगम की टीम दुकान खाली कराने के लिए दबाव बना रही है।
कार्रवाई के दौरान स्थानीय लोगों और पीड़ित पक्ष ने नगर निगम की कार्रवाई का विरोध किया। इस दौरान नगर निगम टीम और दुकानदार पक्ष आमने-सामने आ गए। मौके पर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।
हंगामे की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया गया।
मामला नगर निगम की कार्रवाई और दुकान खाली कराने से जुड़ा है। फिलहाल मौके पर पुलिस बल तैनात कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।


