7 विकेट पर 447 रन; पंत-जुरेल की शतकीय साझेदारी
कोलंबो। श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन भारत ने मजबूत बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 447 रन बना लिए हैं। दिन की शुरुआत भारत ने 5 विकेट पर 300 रन से की थी। पहले सत्र में टीम ने 119 रन जोड़े और एक विकेट गंवाया।
डेब्यू कर रहे सारांश जैन 6 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद चोट से वापसी करने वाले ऋषभ पंत ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक पूरा किया। पंत ने 63 रन बनाए, लेकिन लंच के बाद पहले ही ओवर की पहली गेंद पर लॉन्ग ऑफ पर कैच देकर आउट हो गए।
पंत और ध्रुव जुरेल के बीच 112 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई। जुरेल ने भी अपना अर्धशतक पूरा किया और 74 रन बनाकर नाबाद हैं। उनके साथ मानव सुथार क्रीज पर मौजूद हैं।
पंत ने इस पारी के दौरान विदेश में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज बनने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। उन्होंने महेंद्र सिंह धोनी के 2496 रन के आंकड़े को पीछे छोड़ दिया।
इससे पहले मैच के पहले दिन देवदत्त पडिक्कल ने 117 रन की शानदार शतकीय पारी खेली थी, जबकि कप्तान शुभमन गिल ने 50 और रवींद्र जडेजा ने 43 रन बनाए थे। भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। गॉल में पहला टेस्ट 165 रन से जीतने के बाद भारतीय टीम सीरीज में 1-0 से आगे है।


