संसद ने प्रस्ताव को दी मंजूरी
तेहरान। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच होर्मुज स्ट्रेट को लेकर नया विवाद सामने आया है। ईरानी संसद ने स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों से शुल्क यानी टोल वसूलने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। ईरान के मुताबिक, शुल्क के बदले जहाजों को समुद्री सेवाएं, सुरक्षा और इंश्योरेंस जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
ईरानी संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति समिति के प्रवक्ता हसन काशकवी के अनुसार, जहाजों से लिया जाने वाला भुगतान ईरानी रियाल या ईरान की पसंद की किसी अन्य मुद्रा में किया जा सकेगा। इसके अलावा पर्यावरण संबंधी सेवाएं और विशेष परिस्थितियों में ईंधन भी उपलब्ध कराने की बात कही गई है।
अमेरिका-ईरान तनाव और बढ़ा
अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने कहा है कि ट्रम्प प्रशासन ईरान के खिलाफ आर्थिक कार्रवाई के अंतिम चरण में पहुंच चुका है। अमेरिका का लक्ष्य ईरान की आय के प्रमुख स्रोतों को कमजोर करना और उस पर आर्थिक दबाव बढ़ाना है।
वहीं ईरान ने अमेरिका की आर्थिक कार्रवाई में साथ देने वाले खाड़ी देशों को चेतावनी दी है। ईरानी अधिकारी मोहसिन रेजाई ने कहा कि अमेरिका के साथ ईरान पर आर्थिक प्रतिबंध लगाने वाले देशों को दुश्मन माना जाएगा।
होर्मुज पर ट्रम्प के दावे से बढ़ी चिंता
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प पहले ही होर्मुज स्ट्रेट को ‘न्यू यूएस टेरिटरी’ यानी नया अमेरिकी क्षेत्र बता चुके हैं। उन्होंने स्ट्रेट पर अमेरिकी नियंत्रण की बात भी कही है। इसके बाद ईरान की ओर से जहाजों पर टोल लगाने का फैसला क्षेत्र में तनाव और बढ़ा सकता है।
होर्मुज स्ट्रेट दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों में से एक है। यहां से बड़ी मात्रा में कच्चे तेल और अन्य ऊर्जा उत्पादों का परिवहन होता है। ऐसे में इस मार्ग को लेकर बढ़ता तनाव वैश्विक तेल बाजार और अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर भी असर डाल सकता है।


